Friday, December 31, 2021

हौसला रखना बुलंद


 फिर नया साल आया 

वोही पुराने सिलसिले 

मास्क टीके बूस्टर संग 

उम्मीदों से भरा नया साल 

कोशिश अब भी वही है 

खुश रहो, सतर्क रहो 

नादानी से बचे रहो  

शायद दो हज़ार बाइस 

नयी उमंगों से भरा हो 

नए मौके, नयी ताकत 

स्वस्थ रहे सभी जनवासी  

मगर हौसला रखना बुलंद 

धैर्य साहस और संतुष्टि से 

भरा हो ये नया साल दोस्तों 

बस, कोविड से रहना दूर 

न इसकी दोस्ती अच्छी 

और न ही इसकी दुश्मनी 

अपने और अपनों को रखना 

इस से मेहफ़ूज़ दोस्तों 

दुआ यही है सलामत रहे 

ये आने वाला नया साल 

ख़ुशी से उम्मीदों से भरा 

रहे आप सभी का नया साल !


~ फ़िज़ा 

Thursday, November 04, 2021

दिवाली की शुभकामनाएं आपको भी !


 दशहरे के जाते ही 

दिवाली का इंतज़ार 

जाने क्यों पूनावाली 

छह दिनों की दिवाली 

एक-एक करके आयी 

दीयों से मिठाइयों से 

तो कभी रंगोलियों से 

नए कपड़ों में सजके 

मनाया तो हमने भी 

मगर सोच में हर वक्त 

बचपन की दिवाली 

पठाखे और फुलझड़ियों 

में ही खो सा गया कहीं 

अब तो दिवाली सिर्फ 

दिलों में यादों में और 

चंद लम्हों में क़ैद है 

जाने कब ये रिहा होंगे 

क़ैदख़ानों से !


~ फ़िज़ा 

Wednesday, October 20, 2021

जलियानावलां बाग़ !

 



लोगों की भीड़ थी पार्क में 

जैसे कालीन बिछी ज़मीं पे 

एक ठेला चलाता हुआ दिखा 

जो भर-भर लाशें एक-एक 

कोशिश करता बचाने की 

डॉक्टर ने पुछा और कितने 

सौ से भी ज्यादा कहा वो 

फिर भागा लाश उठाने 

लोगों को बचाने उधम सिंह !

~ फ़िज़ा 

Wednesday, September 22, 2021

सुनियेगा मेरा पॉडकास्ट !


दोस्तों हाल ही में मैंने अपना एक हिंदी में पॉडकास्ट शुरू किया है.  ये पॉडकास्ट मैंने एंकर अप्प के ज़रिये शुरू किया है, जहाँ मैं रोज़ नए-नए, मनचाहे विषयों पर बात करती हूँ - ये है UshaDawn - Hindi Podcast 

ये पॉडकास्ट आप गूगल , एप्पल पॉडकास्ट , और spotify में भी सुन सकते हैं. दर रोज़ मैं पसिफ़िक टाइम सुबह के ३ बजे पब्लिश करती हूँ - आप सुनियेगा ज़रूर !


कुछ खट्टी-मीठी बातें लेकर 

आयी हूँ कुछ वक़्त बिताने 

संग तुम सभी के मिलकर 

जीवन की कुछ विस्मय बातें 

पसंद आये तो संग चलना  

नहीं आये तो कहते जाना 

साझेदारी है मिलकर करना 

प्रतिक्रिया जो भी हो दे देना 

मगर मेरा ये पॉडकास्ट तुम 

ज़रूर सुनना दोस्त हो आखिर !


~ फ़िज़ा

Tuesday, September 14, 2021

मेरी भाषा हिन्दी !


 

मेरे ख्वाब, मेरी सोच,

मेरे बोल, मेरे ख्याल ,

सभी कुछ जेहन में मेरे ,

यूँ सजकर संवरकर हैं,

वो प्रेम हो या क्रोध,

एहसास हो या भावना,

कविता हो या गद्य या 

हो कहानियाँ दिल में 

सभी आते हैं हिंदी में 

आत्मविश्वास जगाता 

हिन्दी भाषा है वो दाता 

मधुर, सरल, सहज है 

बोलने, समझने में है 

बदलती सबकी काया !


~ फ़िज़ा 

हिन्दी दिवस की शुभकामनाएं !

Wednesday, August 25, 2021

आज कुछ अजब सा देखा


 आज कुछ अजब सा देखा 

बात तो दोनों की सही थी 

दोनों ही अपने पेट वास्ते 

जीवन का नियम संभाले 

एक तो बिल से निकला 

दूजा पेड़ से उड़कर आया 

निकले दोनों पेट की खातिर 

बस एक ही भरपेट खाया 

जीवन का भी खेल देखो 

किसका अंत व शुरुवात 

जो भोजन बना वो नादान 

जिसने खाया वो भी नादाँ 

प्रकृति के कटघरे में सही 

मगर अपने दिल से पूछूं 

तब भी सही लगा मगर 

जाने वालों का अफ़सोस 

तो ज़रूर होता है मन को 

ऐसा ही कुछ हुआ हम को 

जब से देखा हादसे को  !


~ फ़िज़ा 

Sunday, June 20, 2021

पितृ-दिवस की शुभकामनाएं - अच्चा


 

पिता की उंगली पकड़ कर चलना 

ये तो पैदा होते ही सिखाया माँ ने 


उंगली पकड़ते चलते सँभलते हुए 

हर इच्छाएं मेरी पूरी की हमेशा से 


कभी किसी बात से डर भी होता

तो पिता की आड़ में रहकर कहते 


जब कोई बात मनवानी हो माँ को  

पिता के नाम का ही डर जताती वो  


हर-उतार चढाव में ज़िन्दगी के मेरे 

एक हौसला, साथी ढाल बनके रहे 


वो शख्स जिसे सिर्फ याद करने से 

दुनिया भर की खुशियां हौसले मिले 


~ फ़िज़ा 

Friday, June 18, 2021

चाय की चुस्की

 


चाय की पत्ती पानी संग 

कुछ उबाल दूध चीनी का  

ढेर सारा प्यार दोस्ती का 

चाय की चुस्की में मानों 

सुख मिले सारे संसार का   

दोस्ती और चाय के किस्से 

जग-ज़ाहिर हैं कई ज़माने से 

एक चुस्की और गयी थकान 

गुज़रे कई सालों के साथ आयी 

कई किस्से कहानियां बचपन की 

वो अदरक की चाय और प्रशंसा 

चुस्की बाद सभी का दुलार - प्यार

मानों एक लम्बे सफर के बाद का 

ठहराव !!!

~ फ़िज़ा 

Friday, May 28, 2021

मोहब्बत करने लगी हूँ


 

फिर गुस्ताखी करने चली हूँ

खुद से मोहब्बत करने लगी हूँ 


चाँद अब मेरा पीछा करता है 

उस मुये से अब मैं छिपती हूँ 


आहें भरते है दोनों तरफ आग 

डरती हूँ  और मिलना भी चाहूँ


दिल ओ दिमाग से मसरूफ हूँ 

गुनगुनाती फ़िज़ा ख्यालों में घूम हूँ 


~ फ़िज़ा 

Thursday, May 13, 2021

दिल या दिमाग ?


 

आज कॉलेज के दोस्तों संग 

यूँही बातों-बातों में दो पक्ष 

दिल व दिमाग की हुई जंग 

दिल तो है ही दीवाना मेरा 

मैंने तो सिर्फ दिल की सुनी 

जो दिमाग के पक्ष में था वो 

दिल से दिमाग कह रहा था 

साथियों के इमदाद से जो 

बहस-मुबाहिसा हुई दोनों में 

क्या कहना उस वक्त का 

उसे भी हराकर बात बढ़ी 

दोस्तों संग फिर कब होंगे 

आमने-सामने पता नहीं 

पर चैटिंग करते दिन पुराने 

कॉलेज के यादों में चला गया 

उम्मीद पर कायम है दुनिया 

और हम तो मिलेंगे फिर से 

जब हो परिहार महामारी का 

शायद तब भी दिल और दिमाग 

की ही जंग में खुल जायेंगे सब 

बचपन के बंधे गिरह दिल के और 

दिमाग के !


~ फ़िज़ा  

Monday, May 10, 2021

गुमशुदा


 

बाहर सुनहरी धुप है 

मौसम भी ठीक है 

दिल कहीं मायूस 

गुमशुदा हो चला है 

कोई बात नहीं पर 

दिल नासाज़ सा है 

इस उदासी की वजह 

ढूंढ़कर भी नहीं मिला 

शायद बोरियत है 

रोज़ वही दिनचर्या 

वही लोग और सब 

वही घर से बाहर 

और बाहर से अंदर 

बस पंछियों पर है 

ध्यान अटका आजकल 

देखा कल ओक पेड़ पे 

दो घोसलों का निवास 

ख़ुशी हुई कितनों को है 

आसरा इस पेड़ से 

अब तो बस उन्हें देखते 

गुज़रता है वक्त सारा 

काम तो व्यस्त रखे 

मगर दिल कहीं खोया है !


~ फ़िज़ा 

Saturday, May 08, 2021

माँ


 माँ 

इस शब्द में ही 

वो ताकत है जो 

जीवन तो देती है 

मगर उसे सींचकर 

मजबूत बनाती है 

हर सुख-दुःख में 

हौसला तो देती है 

लड़ने की क्षमता 

निडरता और संयम 

का पाठ सिखाती है 

पास नहीं तो दूर से ही 

स्नेह के भण्डार से 

वो मुस्कान लाती है 

एक पल में कान खेंचकर 

दो दूजे पल मुंह में निवाला 

देने वाली माँ ही तो है 

जो सिर्फ अपने बच्चों के लिए 

जगती, फिक्रमंद होकर 

आज भी पूछती है 

खाना खा लिया न?

स्नेह, धैर्य, का बिम्ब 

है वो माँ !


~ फ़िज़ा 

Thursday, May 06, 2021

यादों का सफर


 

आज यूँही यादों के सफर में निकल गयी 

जब हाथ पड़ा पुराने एल्बम पर 

एक से दूजा तीजा मन खो गया 

उन दिनों की यादें जैसे बचपन लौट आया 

वो स्कूल के दिन और उन दिनों की आशाएं 

छोटी परेशानियां पढ़ाई के तो खेल का मैदान 

मानों सारा दुःख उसी मैदान में उंडेलते 

घर से स्कूल और स्कूल से घर का रास्ता 

इतना लम्बा नहीं था कभी जितना आज है 

तब भी प्रकृति से एक रिश्ता बना लिया था 

जहाँ यार-दोस्त हो न हों मगर पक्षियां थे 

नदी-नाले फूल-क्यारियां और अमरुद का पेड़ 

कितने ही बार चढ़कर छत से छलांग लगाया है 

काली-डंडा खेलते-खेलते तो कभी माँ के डर से 

उन दिनों हर डांट में सहारा था टोनी कुत्ते का 

जो चाटकर गाल सेहला भी देता गले लगा भी देता 

किसी थेरपि से कम न था उसका साथ जीवन में 

फिर हर सिरे के अंत समान वो भी गया और हम 

स्कूल से कॉलेज के द्वार तक पहुंचे जैसे-तैसे 

तो सभी को वहीँ पाया और फिर से रेस लगने लगी 

वहां से भागे आज यहाँ हैं और आज भी भाग ही रहे हैं 

आज सब कुछ तो है मगर बचपन तो बचपन है 

उसकी बातें उस पल का एहसास एक खुशबु है 

जो कभी दिल से दिमाग से ओझल नहीं होती 

न उन दिनों की बातें, दोस्त और वो पलछिन 

ऐसे एक सफर में हूँ आज मैं !


~ फ़िज़ा 

Friday, April 30, 2021

सहनशीलता !



दिन का चैन खो गया कहीं 
तो रातों की नींद घूम है कहीं 
कहीं से रोशनी की उम्मीद है 
तो सिर्फ अन्धकार की बातें हैं 
कोई सूरत तो नज़र आये कहीं 
कोई रास्ता हो जहाँ उम्मीद हो 
दुआ न दवा से सिर्फ दिमाग से 
हम-तुम इंटरनेट से साथ निभाएं 
मगर घर से बहार न निकालें अब 
घर पर रहकर पूरी करें दिनचर्या 
कुछ सालों के लिए रहे दूर-दूर 
शायद फिर वो दिन भी आये जब 
गले-मिलकर मस्तियाँ करें सब 
किन्तु अब संयम और सावधानी 
इनका ही उपयोग करें हम सब 
चलो कुछ धैर्य भी साथ रखते हैं 
कुछ अपने लिए कुछ औरों के लिए 

नमन!

~ फ़िज़ा 



 

Thursday, April 29, 2021

करुणा


 

आज कहने को सुनने को 

क्या रहा जब खबर सब 

एक जैसी ही आ रही हो 

जहाँ युद्ध में योद्धा लड़ते 

आज हर कोई सैनिक बन 

एक-दूसरे को सहारा दे रहा 

वीर हैं वो जो अपना नहीं पर 

कोविद-ग्रस्त मरीज़ों का सोचें 

रिश्तेदारों को हटाकर खुद ही 

क्रियाकर्म कर उनको विधि से 

मुक्त कर रहे हैं 

लड़खड़ाते हैं मेरे लफ्ज़ आज 

इंसानियत और हैवानियत को 

मुकाबला करते देख !


~ फ़िज़ा 

Wednesday, April 28, 2021

बीज


 


बीज बनकर तू गिरा अब पेड़ बन गया

धरा से तू ऊगा है धरा में ही जायेगा 

जानकर भी हमेशा देता सभी को साया 

आसमां की ऊंचाई भाती उस ओर गया 

ऊंचाई तक जाकर तनों को नीचे ले गया 

जिस थाली में खाया उसका ऋण चुकाया 

इतना ही नहीं अनजानों को भी छाया दिया 

एक तू ही है जो इंसान नहीं इंसानियत है 

सीखा कर भी इंसान इंसान न बन पाया 

ऐ वृक्ष तुझे प्रणाम तू मरकर भी काम आया  

अर्थियों के लिए तो ठंड दूर करने के लिए 

तू देता रहा हर पल हर दम तू जलता ही रहा !


~ फ़िज़ा 

Tuesday, April 27, 2021

काश! कुछ कर पाते...


 

हर तरफ कोरोना का शोर है 

हर तरफ वैक्सीन का भी नारा 

कोई ये लो कहता तो कोई वो 

कोल्हाहल सा मचा है हर तरफ 

कोई मास्क पहनता है कोई नहीं 

किसी को बहुत आत्मविश्वास है 

कोविड नहीं होगा बस घूम रहे हैं 

अपना नहीं औरों का ही सोचते 

खुद बेहाल औरों का भी ये हाल  

हर दिन साथियों के जाने की खबर 

कोई कोविड से ग्रस्त हस्पताल में 

मुझे मिले वैक्सीन अपराध सा लगे 

मगर मैं फिर भी तो नहीं आज़ाद 

दोस्तों के बारे में सोचूं तो उनको 

वैक्सीन भी नहीं, दवा-दारू भी नहीं 

मौत से लड़ते हुए तो किसी अपने को 

कांधा दिए आँखों में आंसू ,लाचारी 

धैर्य देते-देते अब खुद धैर्य को थामे 

के जाओ नहीं छोड़कर साथ हमारा 

तुम नहीं तो कैसे देंगे हम हौसला 

एक-एक करके सभी छोड़े जा रहे  

इस उम्र में जब सोचा मिलेंगे अब के 

याद करेंगे स्कूल के मस्ती वाले दिन

मगर अब श्रद्धांजलि देते थक गए हम 

काश! कुछ कर पाते साथियों के लिए !!!!!


~ फ़िज़ा 

Monday, April 26, 2021

ख्वाब था..?


 

उसकी बातें जैसे मखमल के गेंद 

सुनकर हो जाये गाल लाल-लाल 

वो सामने नहीं फिर भी शर्म आये 

वो कुछ भी कहे दिल डोल  जाए 

उसकी बातें समय को थाम ले यूँ 

और ले चला ख्वाबों की सवारी पे

अन्धाधुन सफर पर मैं भी निकली 

कुछ यहाँ-वहां की बातें और फिर 

हँसकर गुलाल यूँ फेंक गया वो 

हाथ से हटाने गयी तो खुल गयी 

निंदिया !

ख्वाब था या हकीकत समझे न 

सोचकर तो लगा सही हुआ था 

फिर सबूत ढूंढा तो कुछ न मिला !


~ फ़िज़ा 

Sunday, April 25, 2021

आँखों ही आँखों से


 

आँखों ही आँखों से मिले थे 

दूर-दूर ही थे मगर हर पल 

नज़रों से होते रहे नज़दीक 

संकोच झुकती नज़रों से 

हौसलों से देखती वो नज़रें 

कहीं तो एक चिंगारी जली 

आँखों के रस्ते प्यार हो गया 

देखो तो एक सपना सा लगा 

क्यूंकि कोवीड के होते ये सब 

मुनासिब ही नहीं नामुमकिन था 

लेकिन हमने चेहरे नहीं आँखों से 

दिल की गहराइयों को जाना 

और आँखों ने सहमति दी

कहा हाँ, मुझे प्यार है तुमसे 

दूर थे मगर दिल से जुदा नहीं !


~ फ़िज़ा 

Saturday, April 24, 2021

कब होगी वो सुबह...

 



एक वक़्त ऐसा भी होता था 

जब सुबह का इंतज़ार रहता 

अब डर लगता है के सुबह हो 

तो जाने क्या खबर सुन ने मिले 

ज़िन्दगी अप्रत्याशित हो चली है 

कोवीड महामारी ने सभी को 

असहाय लाचार बेबस मायूस 

दूभर कर दिया जीना सभी का 

सुरक्षा उसका पालन करने से 

कतराते वक़्त आते-आते देखो 

जाने-अनजाने लोग गुज़र गए 

बिना इलाज़ ही  मृत्यु हो गयी 

अनगिनत जवान-बूढ़े लोगों की 

ये दृश्य सपने में भी न देखा कभी 

ऐसा भयानक समय कब थमेगा ?

कब होगी वो सुबह जब ये न होगा ?


~ फ़िज़ा 

Friday, April 23, 2021

यादों के सफर में


 

मुझे फिर कोई ले चलता है मेरे लड़कपन की ओर 

बातों से तो कभी तस्वीरों से जिज्ञासा बढ़ता कभी 

हालत समझो ज़रा दूर अपने देश से उन दिनों से भी 

कभी सोचूं उसी काल में रहा लूँ ज़रा कुछ पल के लिए 

फिर इस पल की इन दिनों की सोचूं तो फिर क्या करूँ 

काश! पल रुक जाते जब हम चाहते थम जाते वो पल 

फिर उस पल में लौट पाते और फिर से चलते वहां से 

चलते-चलते पहुँचते आज तक देखते कैसा होता सब 

यादों के पल फिर से लड़कपन की ओर खींचते और 

हम उसी लड़कपन में नया कोई निर्णय लेकर चलते  

यूँहीं ज़िन्दगी के ख्वाब आते-जाते देख खुश हो जाते 


~ फ़िज़ा 

Thursday, April 22, 2021

बचा लो ...!

 



हम सब भिन्न-भिन्न प्राणी हैं जगत में 

और भिन्न-भिन्न हैं वस्त्र कुछ पहनते 

भिन्न-भिन्न है हमारा भोजन और पसंद 

जो भी हो सबकुछ मिल जाता हैं यहाँ 

भिन्नता कभी नज़दीक तो दूर करती है 

हम ये भी भूल जातें हैं के हम कर्ज़दार हैं 

फिर भी स्वार्थी और मनमानी करते हैं 

काश! हम ये समझते 

एक पृथ्वी ही है हमारे बीच जो आम है 

क्या उसे हम मिलकर बचा सकते?


~ फ़िज़ा 

Wednesday, April 21, 2021

कठपुतली




 

ज़िन्दगी के खेल भी निराले हैं 

अब ज़िंदा हैं तो मौत आनी है 

रात है तो दिन को भी होना है 

रोने वाला कभी हँसता भी है 

धुप-छाँव से भरी ज़िन्दगी है 

ऐसे में तय करे कब क्या है 

क्या नहीं और क्या होना हैं 

सब सोचा मगर होता नहीं है 

ज़िन्दगी अपनी डोर उसकी है 


~ फ़िज़ा 

Tuesday, April 20, 2021

एक एहसास


 

धड़कनों की आवाज़ सुनो कभी 

तारों सी बज उठती है  संगीत 

यादों से भरी बातें संगीत के बोल 

जिन्हें पढ़कर बनाये प्यार की धुन 

कभी ये तेज़ बजतीं तो कभी आहें 

समुन्दर पर हिंडोलती लहरें जैसे 

यादों की उड़नखटोले में बसर कर 

दुनिया की सैर कर मानों एक ख़ुशी 

जैसे मैं कल फिर से कॉलेज हो आयी 

यादें, धड़कन, बातें, मुलाकातें, प्यार 

सब कुछ तो था वहां जहाँ पढ़ रहे थे 

एक एहसास हवा के झोंके सा आया 


~ फ़िज़ा 

Monday, April 19, 2021

मोहब्बत ज़िंदा रहती है


 

उम्र गुज़र रही थी वक़्त के साथ साँझा कर रहे थे 

तीस साल गुज़रा हुआ पल उठके सामने आगया 


कहीं से कोई उम्मीद या खबर उन दिनों की नहीं थी 

तस्वीरों से यादों के लड़ियों से वो पल याद दिलाये 


न उसने हमसे कहा और अनजान हम थे  आज तक

कोई दिल ही दिल में हम से मोहब्बत कर रहा था 


हर अदा पर वो थे फ़िदा मगर हिम्मत न थी कहने की 

शर्म-लाज दोनों तरफ थी और बात दिल में ही रह गयी 


वक़्त के साथ सबकुछ बदलता है प्रकृति का नियम है 

फिर भी दिल में उस मोहब्बत को लिए घूमना अब तक 


सही दीवानगी है 'फ़िज़ा' किस अनजानेपन की है सजा 

मोहब्बत ज़िंदा रहती है मगर ये सही हो, ये ज़रूरी नहीं !


~ फ़िज़ा 

Sunday, April 18, 2021

कभी वो पडोसी हुआ करता था ...


 

आज सवेरे सवेरे खबर सुनी 

कोई जानकार जो रोज़-रोज़ 

गुड मॉर्निंग और गुड नाईट के 

व्हाट्सप्प मेसेजस भेजते कभी 

थकता न था, पर आज के बाद 

कभी भी वो मैसेज नहीं करेगा  

उसे कोरोना ने जब्त कर लिया 

कभी वो पडोसी हुआ करता था 

जाने-अनजाने कितनी बातें हुईं 

जो सिर्फ यादें बनकर रह गयीं 

आखिरी वीडियो जो उसने भेजा 

वो कोरोना की स्कीम वाली थी 

आज की खबर सुनकर ऐसा लगा 

मानों वो ये संदेशा दे गया जाते

खुश रहो जिस हाल में भी हो 

कोरोना अपनों से दूर ही करेगा 

संभलकर रहो दोस्तों ये जानलेवा है 

सुरक्षित रहो वर्ना कोरोना आजायेगा 

मेरी श्रद्धांजलि इन पंक्तियों द्वारा 

अच्छा इंसान था वो जो अब नहीं है !


~ फ़िज़ा 

Saturday, April 17, 2021

जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं रिया


 यूँही वक़्त नहीं गुज़र रहा जनाब 

समय के साथ दिन महीने साल भी 

गुज़रते पलों की एक यादगार लड़ी 

सजाते-सजाते ये ख्याल भी न रहा 

कब कली से फूल बन गयी मेरी रिया 

बच्ची तो बच्ची है कहना तो सही भी है 

मगर बच्चे तो नहीं मानते या समझते 

अरमान तो यही है फूलो-फलो हरदम  

ज़िन्दगी जियो मगर अपने दम पर 

सही-ग़लत जो दिल को ठीक लगे 

वही राह पकड़ना गर फैसला कहीं 

चूक गया तो सबक ज़रूर सीखना 

पश्चाताप न हो इसका ख्याल रखना 

जीवन एक है इसे भरपूर जीना हमेशा 

किसी बात पर रोना आये तो आँसू 

बहा देना मगर दिल को समझा लेना 

गर किसी बात पे हंसी आजाये तो 

सबके संग मिलकर हंसना हँसाना 

भेद-भाव किसी से न करना और 

जाती-धर्म के चक्करों में न पड़ना 

दिल से इंसानियत का धर्म पालना 

बस इतनी सी है ज़िन्दगी इसीलिए 

सोचकर चुनना आंसू और ख़ुशी

कैसे बिताना है और कैसे जीना है 

ज़िन्दगी आइस क्रीम की तरह है 

समय के साथ हो तो चखने का मज़ा 

वर्ना पिघल जाये तो उसे पीने की सजा 

जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं रिया 

भरपूर जियो ज़िन्दगी खुश रहे सदा उन्नति !


~ फ़िज़ा 

Friday, April 16, 2021

गुज़रा ज़माना !


 

याद आता है मुझे गुज़रा ज़माना 

गुज़रे पल और गुज़री कहानियां 

वो सड़कें वो माहौल और वो लोग 

अपने अल्हड़पन पर आता है तरस 

तो कभी लगता है वही सब ठीक था 

गर वैसा सब नहीं होता तब ज़िन्दगी 

वो लोग माहौल तो आज ये न होता 

गुज़रे पलों के उपजे बीज जी अब 

मैं फसल के रूप में काट रही हूँ ख़ुशी 

ज़िन्दगी हसीन है गुज़रे को देख लगता है 

यहाँ से देखूं तो सुकून है कोई खेद नहीं 

गुज़रा ही सही सार्थक है अपनी जगह 

एक एहसास से भरी पोटली है संग मेरे 

गुज़रा ज़माना !


~ फ़िज़ा 


Thursday, April 15, 2021

ज़िन्दगी

 


ज़िन्दगी कभी एक इत्तेफाक है तो 
कभी-कभी ये सेहमति भी है ज़िन्दगी 
जब ज़िन्दगी ख़त्म सी दीखती है तब 
एक सुराग रौशनी की चली आती है  
ज़िन्दगी दूभर हो सकती है बरसों तक 
संयम और धैर्य राहत को राह दिखाते हैं 
शायद ऐसा ही कुछ हुआ था आज जो 
फुर्ती सी आगयी फिर ज़िन्दगी एक बार 
वाक़ई! ज़िन्दगी एक इत्तेफाक ही तो है !

~ फ़िज़ा 


Wednesday, April 14, 2021

फिर एक बार


 

वसंत बहार पर नूतन वर्ष के दिन  

फिर एक बार बचपन याद आया 

वो रात ही से माँ का थाली सजाना 

सब्जियों, फलों अमलतास से सजे 

कुछ धान्य, नारियल,सोना, चांदी 

रुपये, नूतन कपडे, कृष्णा की मूर्ति 

दिया और आइना सबकुछ थाल में 

प्रातः रवि के आने से पहले पापा 

मेरी आँखों पर हाथ रख ले जाते 

थाल के समक्ष और फिर हाथ हटाते 

आईने में अपना चेहरा देखते और 

और हाथ जोड़कर प्रार्थना करते 

पापा 'विशु' की शुभकामना देते 

और हाथ में कुछ रुपये थमाते 

जिसे बड़ों का आशीर्वाद मानकर 

उनके पैरों को छूकर गले लगते 

कितनी सादगी थी उस ज़िन्दगी में 

अमलतास के फूलों ने दिल लुभाया 

तब से आजतक बेहद प्रिय हैं मेरे  

वसंत ऋतू की इस श्रंखला में मेरा 

बचपन फिर एक बार संवर उठा !


नूतन वर्ष की शुभकामनाएं आप सभी को !


~ फ़िज़ा 

Tuesday, April 13, 2021

खुशबु बहारों की

 



बहारों का मौसम है रंगों में घुल जाओ 

खुशबु बहारों की यूँ  फूलों में रम जाओ 

फूलों की बात हुई वहीँ भँवरे भी चले आये  

मोहब्बत है मिलन के आसार नज़र आये 

गुंजन गूंजने लगे फूलों पर मंडराने लगे 

मोहब्बत की दास्ताँ यूँ ही खुशबु फैलाती है 

बहारों का मौसम है रंगों में घुल जाओ 

खुशबु बहारों की यूँ  फूलों में रम जाओ 


~ फ़िज़ा 

Monday, April 12, 2021

काश!

 



काश!


काश जब वो पहली बार चिल्लाकर 

बात कर रहा था तब रोक लेती उसे 

या हाथ उठाकर मारने आया तभी 

उसकी मर्ज़ी और मेरी एक नहीं थी 

शायद, मुझे जान लेना चाहिए था 

की उसका ग़ुस्सा ठीक नहीं है या 

उसका तरीका और उसकी सोच 

सही नहीं है मेरे हित के लिए काश 

काश मैं तब संभल गयी होती तो 

मुझे यूँ फ़ना नहीं होना पड़ता था 

जान लेना था लोग तमाशा पसंद हैं 

अपनी रक्षा आप स्वयं करना है 

काश! ये जान लेती और उस पर  

भरोसा न कर अपने पर भरोसा 

ज्यादा करती तो शायद मैं उन 

वीडियो और कैमेरा में सबूत 

बनकर नहीं रहा जाती काश!

काश! ये दुनिया जीवन और  

उसका का मेहत्व जान पाती 

किसी स्त्री पर हाथ उठाने से पहले 

उन्हें उनकी अपनी माँ नज़र आती 

काश! काश ! काश!


~ फ़िज़ा 

Saturday, April 10, 2021

ज़िन्दगी दौड़ रही है !

 



आज चौबीस साल हो गए घर से निकलकर 

कभी सोचा न था कोई और जगह भी घर होगा 

इंसान खानाबदोश है पशु-पक्षियों के समान 

दाने की खोज में निकल पड़ता है घर से बाहर 

मैं साहसिक कार्य हेतु दुनिया की सैर पर निकली 

ज़िन्दगी के उतार-चढ़ाव ने सब कुछ सीखा दिया 

कहते हैं किताब न मिले तो दुनिया की सैर करो 

बहुत कुछ जीवन में ज्ञान यूँ ही मिल जायेगा 

किताब भी पढ़ा और दुनिया भी घूमें क्या सीखा?

हर जगह इंसान पांच उँगलियों के समान ही है 

सभी जगह अच्छे-बुरे होते हैं बस समझने की बात है 

थोड़ा सा संयम और सहानुभूति से सब का हल है 

आज ही के दिन टोरंटो की गलियों में पहुंची थी 

और आज कैलिफ़ोर्निया में घर बसाकर ज़िन्दगी 

दौड़ रही है !


~ फ़िज़ा 

Friday, April 09, 2021

दोस्ती


 

कई दिनों से लूटमार चल रहा था 

सोच कर देखा पर पता नहीं चला 

एक दिन अचानक चुपके से देखा 

दोनों हाथों से बटोर कर खाते हुए 

धप! आवाज़ कर उसे भगाया था 

बार-बार नज़र रख कर उसे डराया 

कुछ दिन बाद देखा उसे पेड़ पर जब 

लग रहा था मानों वो शर्मिंदा है खुद से 

सोचा भला प्रकृति से क्या भेद-भाव 

अब वो मुझे दिखा-दिखा कर खाता है 

मगर आँखों की चमक से मोहित करता है 

कभी इस तरफ तो कभी उस तरफ 

छलांग लगाते फुदकते खेलता गिलहरी !


~ फ़िज़ा 

Thursday, April 08, 2021

आरम्भ


 

आज का दिन ठीक-ठाक ही था 

सूरज सर पर मीटिंग धड़ पर  था 

आहिस्ता से दिन गुज़र ही रहा था 

आलास सर चढ़ के चिल्ला रहा था 

थोड़ी धुप सेखी पंछी संग खेला था 

बहुत काम मगर दिल न मानता था 

हट पे अड़ा या जिद्द ही कर रहा था 

इस तरह आज मेरा दिन गुज़रा था 

सच कहूं तो बहुत अच्छा गुज़रा था 

कभी ऐसा भी दिन गुज़ार के देखो 

सर्व-संपन्न अपने दिल को सुनो 

एक दिन अपने मस्तिष्क को 

आराम दो !


~ फ़िज़ा 

Wednesday, April 07, 2021

क्या सही?


 

आज का दिन कैसा गुज़रा ये सोचना सही 

मगर खोये वक्त को याद करना कितना सही?


रोज़-रोज़ ये सोचना आज ये करना है आज वो 

रोज़ वक्त गुज़र जाने के बाद सोचना कितना सही?


आलस की हवा गुज़र रही है आजकल यहाँ-वहां 

बड़े-बड़े काम करने की प्रतिबद्धता कितना सही ?


जीना मरना एक समान ये जीवन का खेल 

मगर बची ज़िन्दगी तनाव में बिताना कितना सही?


प्रोत्साहन और उसकी प्रतिक्रिया सभी अच्छा है 

ऐसा भी प्रोत्साहन जो आराम न दे कितना सही ?


~ फ़िज़ा 

Tuesday, April 06, 2021

कैलिफ़ोर्निया पॉपी

 


गुल खिले हैं बाग़ में 

बाग़ में तो गलियों में

सिर्फ गलियों में नहीं 

खेतों खलियानों में 

केसरी चादर ओढ़े 

दुल्हन सी लगती है 

धरती कैलिफ़ोर्निया की 

लोग बारातियों जैसे 

इर्द-गिर्द घूमें उसके 

तस्वीर खेंचके लगाए 

फेसबुक में ये कहकर 

हम यहाँ भी हो आये 

कुछ भी कहा लो यारों 

कैलिफ़ोर्निया पॉपी की 

बात ही है निराली जैसे 

जब खिले फूलों की 

यूँ रंगों से भरी फुलवारी 


~ फ़िज़ा 

Monday, April 05, 2021

चुनाव

 



सुना है आजकल चुनाव चल रहा है 

जानकर मैने भी उत्सुकता जताई 

किसे वोट दीजियेगा इस बार आपने 

जानते थे के बापू के समर्थक रहे हमेशा 

इस बार किसे वोट देने का इरादा है ?

जवाब कुछ इस तरह से आया वहां से 

वोट 

कोई पार्टी नहीं हम किसी पार्टी के नहीं 

अब तक जिसने सब ख्याल रखा हमारा 

बिजली पानी और सड़क घर तक लाया 

साफ़ सुथरे अस्पताल तो दवाइयाँ मुफ्त 

हर मांग पूरी करने वाले को ही वोट देंगे 

ढोंग रचाने आएंगे बहुत देंगे कई झांसे 

फंसना न मगर अस्थायी एहसानो पर 

अब तक जिसने संभाल रखा लोगों को 

निस्वार्थ जरूरतें पूरी कर नेतृत्व संभाला 

क्यों न मोहर उसी पर लगे इस बार भी 

चुनकर लाओ अपना वही मुख्या मंत्री !


~ फ़िज़ा 

ज़िन्दगी जीने के लिए है

कल रात बड़ी गहरी गुफ्तगू रही  ज़िन्दगी क्या है? क्या कुछ करना है  देखा जाए तो खाना, मौज करना है  फिर कहाँ कैसे गुमराह हो गए सब  क्या ऐसे ही जी...